नोएडा:EROS TIMES: अलीगढ़ में हुए 3 वर्षीय अबोध बालिका ट्विंकल शर्मा की दुराचार के बाद निर्मम हत्या के मामले में आल इंडियन राजीव कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पण्डित विनोद शर्मा ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देश में महिला अपराधों में हो रही बेतहाशा वृद्धि ने देश की महिला वर्ग को एकदम झकझोर सा दिया है। कभी निर्भया, तो कभी आसिफा, तो अब ट्विंकल, एक के बाद एक बच्चों के साथ हुई हैवानियत महिला वर्ग में असुरक्षा का भाव एवं खौफ पैदा कर रही है।
दोनों आरोपियों को फास्टट्रैक सुनवाई के आधार पर फांसी की सजा देने, घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध बर्खास्तगी की मांग की।
इसके अलावा घटना में मृतक ट्विंकल के माता-पिता को 5 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने, केस की सुनवाई होने तक उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने तथा भविष्य में कोई दुराचारी ऐसी अमानवीय घटना को अंजाम न दे पाए, इसके लिए पुलिस को और अधिक सक्रिय एवं सजग बनाने की मांग करते हुए, ऐसे मामलों में लापरवाह पुलिस अधिकारियों की बर्खास्तगी भी सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
महिला सुरक्षा के लिए बने कानूनों में आवश्यक संशोधन लागू कर महिला अपराधों खासकर अबोध बालिकाओं के साथ जुड़े मामलों को और अधिक सख्त बनाते हुए अपराध की क्रूरता के अनुसार फास्टट्रैक सुनवाई के आधार पर फांसी तक की सजा का प्रावधान अनिवार्य करने की भी मांग की।